सीतापुर(उत्तर प्रदेश): प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खरीफ 2026 की फसलों का बीमा कराने की अंतिम तिथि को बढ़ाकर 10 सितंबर 2026 कर दिया गया है। पहले यह तिथि 31 अगस्त निर्धारित थी। बीमा कंपनियों के अभिमत के बाद भारत सरकार ने प्रदेश के सभी जनपदों के ऋणी कृषकों को राहत देते हुए यह फैसला लिया है।
जिला कृषि अधिकारी के अनुसार, प्रतिकूल मौसम, सूखा, बाढ़, ओलावृष्टि या फसल कटाई के बाद होने वाले नुकसान से बचाव के लिए यह योजना बेहद उपयोगी है। सीतापुर जनपद में खरीफ की धान, बाजरा, मूंगफली, ज्वार, मक्का, तिल और उड़द की फसलें इसमें अधिसूचित हैं। किसानों को बीमित राशि का मात्र 2 प्रतिशत प्रीमियम देना होगा।
इच्छुक ऋणी कृषक अपनी संबंधित बैंक शाखा के माध्यम से अथवा राष्ट्रीय फसल बीमा पोर्टल www.pmfby.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। कृषि विभाग ने सभी किसानों से समय रहते बीमा कराने की अपील की है।

0 टिप्पणियाँ